ब्यूरो रिपोर्ट कल्लू उर्फ रजनीश, लखनऊ
लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के दक्षिणी जोन अंतर्गत थाना सरोजनीनगर पुलिस टीम ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी भरा पत्र भेजकर रंगदारी मांगने वाले एक शातिर अभियुक्त को घटना में प्रयुक्त स्कूटी सहित गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई दिनांक 08.02.2026 को की गई।
पुलिस के अनुसार वादी गौरव बतरा पुत्र खेम करन निवासी रोहित रेजिडेंसी, विकल्प खंड, लखनऊ द्वारा दिनांक 30.01.2026 को थाना सरोजनीनगर में प्रार्थना पत्र दिया गया था। उन्होंने बताया कि हिन्दनगर ट्रांसपोर्ट नगर स्थित उनके दवा गोदाम “करुण इंटरप्राइजेज” पर तैनात गार्ड को एक लिफाफा मिला, जिसमें संबोधित पत्र के जरिए 15 दिनों के भीतर 30 लाख रुपये रंगदारी देने की मांग की गई थी। रकम न देने पर उन्हें और उनके कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी गई थी। पत्र के नीचे “बिश्नोई गैंग उ.प्र. पूर्वी” अंकित था। तहरीर के आधार पर मु0अ0सं0 52/2026 धारा 308(4) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अनावरण हेतु चार टीमें गठित कीं। घटनास्थल के आसपास लगे लगभग 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच के आधार पर पुलिस ने अभियुक्त उमेश कुमार यादव पुत्र स्व. हरिशंकर यादव, निवासी ग्राम बिसहर थाना खेजुरी जनपद बलिया, हाल पता नियर दुर्गा माता मंदिर, बिजनौर थाना बिजनौर लखनऊ, उम्र लगभग 38 वर्ष को रहीमाबाद रोड से गिरफ्तार किया। उसके पास से घटना में प्रयुक्त स्कूटी, हेलमेट और शॉल बरामद की गई।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह पूर्व में हिन्दनगर स्थित उक्त दवा गोदाम में कार्यरत था, लेकिन बकाया भुगतान न मिलने के कारण अगस्त 2025 में नौकरी छोड़ दी थी। उसने यह भी बताया कि उस पर 7 लाख रुपये का बैंक ऋण है, जिसकी किश्तें चुकाने में असमर्थ था। वेब सीरीज और फिल्मों से प्रेरित होकर उसने रंगदारी मांगने की योजना बनाई। वह स्कूटी से गोदाम पहुंचा, शॉल ओढ़कर और हेलमेट लगाकर पहचान छिपाई तथा गार्ड को लिफाफा देकर वहां से चला गया। पत्र उसने स्वयं लिखा था।
गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध कोई पूर्व आपराधिक इतिहास दर्ज नहीं है। पुलिस ने उसके कब्जे से स्कूटी संख्या यूपी 32 पीई 8629, एक शॉल और एक हेलमेट बरामद किया है। अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments