लखनऊ, 09 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में आयोजित उत्तर प्रदेश इको-टूरिज्म विकास बोर्ड की बैठक में प्रदेश में इको-टूरिज्म को रोजगार सृजन, पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए इसके लिए समग्र एवं समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाबद्ध तरीके से इको-टूरिज्म स्थलों का विकास कर प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर सशक्त रूप से स्थापित किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि चयनित इको-टूरिज्म स्थलों पर उच्च स्तरीय होटल, गुणवत्तापूर्ण आवासीय सुविधाएं, स्तरीय रेस्टोरेंट तथा आधुनिक बुनियादी ढांचा विकसित किया जाए, ताकि देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित किया जा सके। उन्होंने गोरखपुर के कुसम्ही जंगल, अयोध्या के कुमारगंज क्षेत्र, गाजीपुर के कामाख्या वन पार्क तथा लखीमपुर खीरी की महेशपुर रेंज को पीपीपी मॉडल के माध्यम से विकसित कर स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर विशेष जोर दिया।
कनेक्टिविटी सुधार को आवश्यक बताते हुए मुख्यमंत्री ने लखनऊ-पलिया और नई दिल्ली-पलिया के बीच सप्ताहांत एसी बस सेवा शुरू करने की बात कही। साथ ही पीलीभीत-मैलाानी-बहराइच मार्ग पर क्षेत्रीय बस सेवा प्रारंभ करने के निर्देश दिए और परिवहन निगम के सफल मॉडल को अन्य इको-टूरिज्म स्थलों तक विस्तारित करने पर बल दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संतुलित विकास और पर्यावरण संरक्षण को साथ लेकर चलने की दिशा में इको-टूरिज्म महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और प्रदेश में सतत पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments