ब्यूरो चीफ शास्त्र तिवारी बहराइच ✍️
पयागपुर, बहराइच। नगर पंचायत पयागपुर क्षेत्र अंतर्गत मसूदपुर चौराहे से ब्लॉक मुख्यालय होते हुए स्टेशन तक बनने वाली बहुप्रतीक्षित सड़क का शनिवार को विधायक सुभाष त्रिपाठी द्वारा विधिवत पूजन और शिलापट अनावरण कर शिलान्यास किया गया।
बताया गया कि यह सड़क लंबे समय से जर्जर अवस्था में थी, जिससे राहगीरों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए थे। विधायक सुभाष त्रिपाठी के प्रयासों से लोक निर्माण विभाग द्वारा इस मार्ग को सीसी रोड निर्माण के लिए चयनित किया गया।
करीब 800 मीटर लंबी इस सड़क के निर्माण हेतु विभाग द्वारा 43 लाख 85 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक त्रिपाठी ने कहा कि तकनीकी कारणों से अब तक निर्माण कार्य लंबित था, लेकिन अब जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य पूरा कराया जाएगा। उन्होंने नगर क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था सुधारने के लिए भी धन स्वीकृत कराने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है और हर नागरिक की राह आसान करना उनका संकल्प है।
कार्यक्रम का संचालन अनुपम कुमार शुक्ला ने किया। इस अवसर पर समाजसेवी हरिओम रस्तोगी, मंडल अध्यक्ष प्रमोद पांडेय, संतोष गौतम, दुर्गेश कुमार सिंह, आनंद पांडेय, जिला पंचायत सदस्य जनक सिंह, मुकेश शर्मा, पिन्टू सिंह, ज्योति सरोज, सुनीता देवी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, व्यापारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
0 Comments