Breaking News

तहसील भिनगा का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

 

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार श्रावस्ती ✍️

श्रावस्ती, 27 फरवरी। जनपद में राजस्व कार्यों की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय ने तहसील भिनगा का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संपूर्ण तहसील परिसर का भ्रमण किया तथा अभिलेखागार में जाकर राजस्व रिकॉर्ड के बस्तों का अवलोकन किया। उन्होंने अभिलेखों को व्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखने एवं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को निर्देशित किया कि तहसील में आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को सूचीबद्ध कर समयसीमा के भीतर उसका निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से चक्कर न लगाना पड़े। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि किसी भी स्थिति में न ली जाए।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी न्यायालय, तहसीलदार न्यायालय, लेखपाल अनुभाग, रजिस्ट्रार कक्ष, कानूनगो अनुभाग, रिकॉर्ड रूम एवं संग्रह अनुभाग का निरीक्षण किया गया। नजारत अनुभाग में विभिन्न धाराओं 116, 34, 67, 80, 24 से संबंधित पंजिकाओं का अवलोकन करते हुए अधिकाधिक वादों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त आय-व्यय पंजिका, शिकायत पंजिका, डाक टिकट लेखा एवं तामीला पंजिका की भी गहन जांच की गई। जिलाधिकारी ने लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण, बड़े बकायेदारों की सूची अपडेट कर वसूली में तेजी लाने तथा अधिकारियों को प्रतिदिन निर्धारित समय पर न्यायालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए।

उन्होंने तहसील परिसर में आने वाले फरियादियों के लिए पेयजल, छाया एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी आशीष भारद्वाज, तहसीलदार जागृति सिंह, नायब तहसीलदार शुभम तिवारी सहित अन्य राजस्व अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments