ब्यूरो चीफ प्रमोद कुमार मिश्रा बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। जनपद के पचपेड़वा क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सघन छापेमारी अभियान चलाया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी के आदेश एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशन में की गई, जिसका नेतृत्व अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव ने किया।
छापेमारी के दौरान टीम ने जुड़ी कुइया क्षेत्र में संचालित कई क्लीनिकों का औचक निरीक्षण किया। जांच में गंभीर अनियमितताएं, साफ-सफाई की कमी एवं निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर कई क्लीनिकों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
कार्रवाई के तहत डॉ. आशमा परवीन के शाद क्लिनिक एंड जच्चा बच्चा केंद्र में भर्ती मरीज को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। निरीक्षण में यहां स्वच्छता एवं आवश्यक सुविधाओं का अभाव पाया गया।
इसी क्रम में डॉ. राहत जहाँ के अकबरूननिशा पॉलिक्लिनिक एंड जच्चा बच्चा केंद्र, डॉ. उबैदूर रहमान के एस के हेल्थ केयर एंड जच्चा बच्चा केंद्र तथा डॉ. राज कुमार के सारा फ्रैक्चर क्लिनिक को भी अनियमितताओं के चलते सील कर दिया गया।
वहीं, डॉ. सुनील मिश्रा के मैक्स पैथोलॉजी सेंटर का निरीक्षण कर उन्हें आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने एवं मानकों को पूर्ण करने के लिए नोटिस जारी किया गया।
इस छापेमारी अभियान में डॉ. बी.पी. सिंह, डॉ. अजय शुक्ला, अधीक्षक डॉ. विजय कुमार एवं डॉ. अरविंद कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम शामिल रही।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने स्पष्ट किया कि अवैध एवं मानकविहीन क्लीनिकों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि मरीजों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments