Breaking News

कवरेज के दौरान पत्रकार पर जानलेवा हमला, एफआईआर दर्ज करने की मांग

 

ब्यूरो रिपोर्ट: शैलेन्द्र मिश्रा, बाराबंकी ✍️

बाराबंकी — फतेहपुर क्षेत्र में एक निजी विद्यालय से जुड़ी खबर की कवरेज के दौरान एक मान्यता प्राप्त पत्रकार पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पत्रकार देवकली प्रसाद शुक्ला ने पुलिस अधीक्षक बाराबंकी को प्रार्थना-पत्र सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

घटना 1 फरवरी 2026 की बताई जा रही है, जब पत्रकार देवकली प्रसाद शुक्ला एक निजी विद्यालय से संबंधित समाचार संकलन के सिलसिले में इसरौली चौकी क्षेत्र स्थित हरिलाल होटल पर मौजूद थे। उनके अनुसार, इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और उनकी फोटो व वीडियो बनाने लगे। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया।

पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने पत्रकार और उनके साथी शाहनवाज पर ईंट-पत्थर, डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे दोनों को चोटें आईं। हमले के दौरान पत्रकार की करीब 10 ग्राम वजनी सोने की चेन टूटकर गिर गई, जिसे उनके साथी शाहनवाज ने उठा लिया।

पत्रकार के मुताबिक, हमलावरों ने स्वयं को विद्यालय प्रबंधन से जुड़ा बताते हुए धमकी दी कि दोबारा कवरेज करने या विद्यालय के खिलाफ खबर प्रकाशित करने पर जान से मार दिया जाएगा। साथ ही प्रशासन और शिक्षा विभाग के संबंध में भी आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किए जाने का आरोप है।

मामले में राहुल, सूरज सिंह वर्मा पुत्रगण शिवबरन लाल सहित अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं, जो इसरौली थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

पीड़ित पत्रकार ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। इस घटना के बाद जिले के पत्रकारों में रोष व्याप्त है और पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments