ब्यूरो रिपोर्ट कल्लू उर्फ रजनीश लखनऊ ✍️
लखनऊ। थाना हजरतगंज क्षेत्र में लोक भवन रोड स्थित सेक्टर-1 बैरियर के पास शुक्रवार को एक महिला द्वारा आत्मदाह का प्रयास किए जाने की घटना सामने आई। पुलिस की तत्परता से महिला को सुरक्षित बचा लिया गया।
पुलिस के अनुसार, 27 फरवरी 2025 को लगभग 13:00 बजे श्रीमती संध्या सिंह, निवासी न्यू श्री नगर मानकनगर रेलवे स्टेशन के पास, लखनऊ, बैरियर के समीप पहुंचकर अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह का प्रयास करने लगीं। मौके पर मौजूद आत्मदाह निरोधी दस्ते ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें सुरक्षित बचाया और थाना हजरतगंज लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की गई।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि महिला का अपने पड़ोसी से भूमि संबंधी विवाद चल रहा है। महिला का आरोप है कि पड़ोसी द्वारा कथित रूप से अतिक्रमण कर अवैध कब्जा किया गया है तथा विरोध करने पर उन्हें और उनके परिवार को धमकियां दी गईं। महिला ने यह भी बताया कि भूमि की पैमाइश के लिए पूर्व में प्रयास किए गए थे और कई आवेदन दिए गए, लेकिन स्पष्ट सीमांकन अब तक नहीं हो सका है।
बाद में महिला को सकुशल थाना मानकनगर पुलिस टीम को सुपुर्द किया गया। पुलिस द्वारा राजस्व विभाग से समन्वय स्थापित कर अभिलेखों का परीक्षण कराया जा रहा है तथा भूमि विवाद के तथ्यों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
लखनऊ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आत्मघाती कदम किसी समस्या का समाधान नहीं है। संबंधित महिला को परामर्श एवं आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था सामान्य है।
0 Comments