Breaking News

होली पर्व व ‘लाट साहब’ जुलूस को लेकर शाहजहाँपुर में उच्चस्तरीय बैठक, सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस

 


स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। आगामी होली पर्व-2026 के अवसर पर जनपद में परंपरागत ‘लाट साहब’ जुलूस को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु रिजर्व पुलिस लाइन शाहजहाँपुर के सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक मंडलायुक्त बरेली मंडल के नेतृत्व में सम्पन्न हुई, जिसमें पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यापक तैयारियों की समीक्षा की।

बैठक में पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली रेंज, जिलाधिकारी शाहजहाँपुर, पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर, नगर आयुक्त सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में वरिष्ठ अधिकारियों का औपचारिक स्वागत किया गया।

अधिकारियों द्वारा जुलूस मार्ग का बिंदुवार परीक्षण कर संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील स्थलों की पहचान की गई। इन स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल, मोबाइल टीमों एवं सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए, जिनमें जुलूस मार्ग पर सुदृढ़ बैरिकेडिंग, प्रभावी रूट डायवर्जन प्लान, सीसीटीवी एवं ड्रोन कैमरों से निगरानी, भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था एवं पार्किंग स्थल निर्धारण शामिल हैं। इसके साथ ही अग्निशमन वाहन, एम्बुलेंस एवं चिकित्सा टीमों की पूर्व तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा विद्युत आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई एवं सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को भी प्राथमिकता दी गई। अफवाहों पर त्वरित कार्रवाई एवं निगरानी के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए।

स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने तथा अफवाहों को रोकने में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए।

वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि होली पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। किसी भी प्रकार की अराजकता, हुड़दंग या शांति भंग करने के प्रयास पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के अंत में जनपदवासियों से अपील की गई कि वे होली पर्व एवं ‘लाट साहब’ जुलूस को शांति, भाईचारे एवं सामाजिक समरसता के साथ संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Post a Comment

0 Comments