ब्यूरो रिपोर्ट कल्लू उर्फ रजनीश, लखनऊ ✍️
लखनऊ के हुसैनाबाद (ठाकुरगंज) क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुधारने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा अवैध पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई डीसीपी ट्रैफिक कमलेश दीक्षित के निर्देशन में की गई, जिसमें ट्रैफिक और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम सक्रिय रही।
ट्रैफिक अपर डीसीपी राघवेंद्र सिंह व एसीपी अभिनव ने अभियान की मॉनिटरिंग करते हुए मौके पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं चौक इंस्पेक्टर जमानत अब्बास की मौजूदगी में पुलिस बल ने पूरे मार्ग पर यातायात व्यवस्था संभाली।
ठाकुरगंज इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में हुसैनाबाद क्षेत्र में सघन चेकिंग की गई। हुसैनाबाद चौकी इंचार्ज राजीव प्रताप सिंह ने घंटाघर से छोटा इमामबाड़ा मार्ग तक सड़क खाली करवाई, जिससे जाम की स्थिति में सुधार हुआ।
अभियान के दौरान लाउडस्पीकर से अनाउंसमेंट कर वाहन चालकों को नो-पार्किंग जोन से वाहन हटाने की चेतावनी दी गई। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती बरतते हुए दोपहिया व चारपहिया वाहनों के मौके पर चालान काटे गए।
पुलिस की इस कार्रवाई को स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों का समर्थन भी मिला। लोगों का कहना है कि अवैध पार्किंग के कारण आए दिन जाम की समस्या बनी रहती थी, जिससे आमजन को परेशानी उठानी पड़ती थी।
कार्रवाई के बाद घंटाघर–इमामबाड़ा मार्ग पर यातायात सुचारू हुआ और जाम में कमी देखी गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
शाहजहॉपुर
0 Comments