Breaking News

लाट साहब जुलूस व होलिका दहन को लेकर प्रशासन सतर्क, समीक्षा बैठक सम्पन्न

 

स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 24 फरवरी 2026। आगामी छोटे एवं बड़े लाट साहब के जुलूस तथा होलिका दहन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जोनल, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर ड्यूटी स्थलों का स्थलीय निरीक्षण करें तथा व्यवस्थाओं को समय से दुरुस्त करें। स्थानीय नागरिकों और संभ्रांत व्यक्तियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक संपर्क सूची तैयार रखने के भी निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को जर्जर तारों की मरम्मत, ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा तथा जुलूस मार्गों पर बैरिकेडिंग सहित सभी जरूरी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी अधिकारी निर्धारित समय से पूर्व ड्यूटी स्थल नहीं छोड़ेगा और सभी अधिकारी सतर्कता के साथ अपने दायित्व निभाएंगे।

जुलूस के दौरान निर्धारित मार्गों पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, जिससे आयोजन सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो सके।

होलिका दहन के संबंध में निर्देश दिए गए कि सभी अधिकारी पूर्व निर्धारित समय से पहले अपने क्षेत्रों में पहुंचकर व्यवस्थाओं की जांच करें। होलिका स्थलों पर साफ-सफाई, बालू की उपलब्धता और अन्य सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही यह भी कहा गया कि परंपरागत स्थलों पर ही होलिका दहन कराया जाए।

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जुलूस के दौरान तीन एंबुलेंस और पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। नगर निगम को जुलूस मार्गों पर पानी के टैंकर, सफाई व्यवस्था और अन्य आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा गया।

पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जुलूस मार्ग को विभिन्न जोन और सेक्टर में बांटकर पुलिस बल की तैनाती की गई है। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से पूरे आयोजन की निगरानी की जाएगी।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पूर्ण निष्ठा और सजगता के साथ कार्य करते हुए होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराना सुनिश्चित करें।

बैठक में नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र, पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments