Breaking News

कालिका फैमिली रेस्टोरेंट में मारपीट, युवक कोमा में—परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप

 

ब्यूरो रिपोर्ट: कौशल किशोर, लखनऊ ✍️

लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र स्थित शहीद पथ पर बने कालिका फैमिली रेस्टोरेंट में कथित मारपीट और हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि ब्रेड सूखी होने की शिकायत करने पर 26 वर्षीय इंजीनियर तुषार त्यागी को रेस्टोरेंट कर्मचारियों ने बेरहमी से पीट दिया, जिससे वह कोमा में पहुंच गए।

परिजनों के अनुसार, तुषार अपनी कंस्ट्रक्शन साइट से लौटते समय अपने मित्र नमन के साथ खाना खाने रेस्टोरेंट पहुंचे थे। गाड़ी में बैठकर खाना खाते समय जब उन्होंने ब्रेड सूखी होने की बात कही और वेटर को बुलाने के लिए हॉर्न बजाया, तो रेस्टोरेंट के कुछ लोग नाराज हो गए। आरोप है कि इसके बाद तुषार और उनके मित्र के साथ मारपीट शुरू कर दी गई।

परिजनों का कहना है कि हमलावरों ने पहले लोहे की कुर्सी और रॉड से तुषार के सिर पर हमला किया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गए। आरोप यह भी है कि इसके बाद हमलावरों ने अपनी क्रेटा कार तुषार के ऊपर चढ़ा दी। बताया जा रहा है कि भागने के दौरान कार आगे जाकर अर्जुनगंज चौराहे के पास उत्तर प्रदेश परिवहन की एक बस से भी टकरा गई।

घायल तुषार को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताते हुए उन्हें कोमा में रखा है। तुषार की मां मीरा त्यागी ने आरोप लगाया है कि पुलिस मामले में लापरवाही बरत रही है और अब तक आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

वहीं थाना सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, उपलब्ध वीडियो फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल घायल युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है, जबकि परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments