शाहजहाँपुर।
जनपद में व्याप्त विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर भारतीय किसान यूनियन परिवर्तनवादी के बैनर तले किसानों का धरना पिछले 12 दिनों से खिरनी बाग रामलीला मैदान में जारी है। किसानों का आरोप है कि अब तक न तो समस्याओं का समाधान हुआ और न ही किसी प्रशासनिक अधिकारी ने उनसे वार्ता करने की पहल की, जिससे किसानों में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।
भा.कि.यू. परिवर्तनवादी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव के निर्देश पर जिला अध्यक्ष मुकुट बिहारी यादव के नेतृत्व में प्रशासन को जगाने के उद्देश्य से मशाल जुलूस निकाला गया। शाम करीब सात बजे खिरनी बाग मैदान से शुरू हुआ जुलूस बिस्मिल पार्क मार्ग, कचहरी, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सुदामा प्रसाद स्कूल होते हुए जीआईसी चौराहे पर स्थित शहीद स्तंभ पहुंचा, जहां किसानों ने जोरदार प्रदर्शन और नारेबाजी की। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र भारी पुलिस बल तैनात रहा।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव ने कहा कि किसान पिछले 12 दिनों से गंभीर समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर शांतिपूर्ण धरने पर बैठे हैं, लेकिन प्रशासन पूरी तरह उदासीन बना हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 14 फरवरी तक समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो सभी किसान कलेक्ट्रेट की ओर कूच कर वहीं धरना देंगे और भोजन बनाकर वहीं रहेंगे। इसके बाद भी समाधान न होने पर किसान जिला अधिकारी आवास का घेराव करेंगे और समाधान होने तक पीछे नहीं हटेंगे, चाहे उन्हें लाठीचार्ज झेलना पड़े या जेल जाना पड़े।
मशाल जुलूस में राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव, कामरेड शंकर लाल मंडल, महिला अध्यक्ष क्रांति सिंह, महानगर अध्यक्ष अमर सिंह यादव, जिला अध्यक्ष मुकुट बिहारी यादव, सौदान सिंह, सर्वेश कुमार, खुशीराम राठौर, प्रदेश अध्यक्ष शिक्षक प्रकोष्ठ धर्मेंद्र कुमार यादव, सुखपाल सिंह यादव, मौजी राम यादव सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।
लखनऊ
0 Comments