भीषण गर्मी से निपटने के लिए प्रशासन मुस्तैद, ‘सिटी हीट एक्शन प्लान’ की तैयारी

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 27 फरवरी 2026। आगामी ग्रीष्म ऋतु में संभावित हीटवेव (लू) के प्रभाव से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें ‘सिटी हीट एक्शन प्लान’ को विकसित, लागू और उसकी प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाए। उन्होंने संवेदनशील समूहों की पहचान कर हाइड्रोलॉजिस्ट के डेटा के आधार पर स्थानवार योजना तैयार करने को कहा। साथ ही वृक्षारोपण के संभावित स्थान चिन्हित करने, ट्रैफिक सिग्नलों पर ग्रीन शेड लगाने और सार्वजनिक स्थानों पर ठंडे पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने पेट्रोल पंप, होटल और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल उपलब्ध कराने तथा गैर-सरकारी संस्थाओं के सहयोग से प्याऊ लगवाने पर जोर दिया। दिहाड़ी मजदूरों और पशुओं को लू से बचाने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।

स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को मजबूत करने के तहत सभी 12 सीएचसी का ऑडिट कराने, अस्पतालों में 15 बेड के हीटवेव वार्ड एवं हेल्प डेस्क स्थापित करने और स्कूलों के लिए मेडिकल किट तैयार करने के निर्देश दिए गए। स्कूलों में ‘वाटर बेल’ लागू करने तथा बच्चों को भीषण गर्मी में टाई न पहनने की छूट देने की बात भी कही गई।

इसके अतिरिक्त बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और सार्वजनिक स्थलों पर पंखों व छायादार व्यवस्था, नगर निगम द्वारा टेंट और पानी की सुविधा, तथा कॉलोनियों में किचन गार्डन को बढ़ावा देने जैसे कदमों पर भी बल दिया गया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि लक्ष्य यह है कि ग्रीष्म ऋतु से पहले सभी विभाग पूरी तरह तैयार रहें, ताकि हीटवेव के कारण किसी प्रकार की जन-हानि या पशु-हानि न हो।

बैठक में नगर आयुक्त, अपर जिलाधिकारी (वित्त), डिप्टी सीएमओ, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post