Breaking News

होली जुलूस की तैयारियों पर पुलिस अधीक्षक की समीक्षा, बसंत उत्सव को लेकर भी हुई बैठक


स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहाँपुर, 13 फरवरी 2026। पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आगामी होली पर्व एवं होली जुलूस के दृष्टिगत एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्राधिकारी नगर, नगर सर्किल के समस्त चौकी प्रभारी, एल.आई.यू. प्रभारी तथा एस.ओ.जी. प्रभारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान होली पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने जनपद के संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील स्थानों का चिन्हांकन कर विशेष निगरानी रखने, जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन करने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने, प्रभावी गश्त व्यवस्था लागू करने तथा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए।


साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, अवांछनीय गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था संबंधी स्थिति पर तत्काल संज्ञान लेते हुए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के नियमानुसार संचालन तथा समय-सीमा के पालन को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

इसके उपरांत क्षेत्राधिकारी सदर के साथ क्षेत्रान्तर्गत स्थित रामचन्द्र मिशन आश्रम में आयोजित होने वाले बसंत उत्सव की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर आश्रम के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक को पुस्तक भेंट कर औपचारिक निमंत्रण दिया।

जनपद पुलिस ने समस्त नागरिकों से अपील की है कि होली पर्व एवं अन्य आयोजनों के दौरान आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।


Post a Comment

0 Comments