Breaking News

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने किया थाना तिलहर का अर्धवार्षिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहाँपुर, 12 फरवरी 2026। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण  ने पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में थाना तिलहर का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना पर नियुक्त पुलिस बल ने उन्हें विधिवत सलामी दी, जिसे महोदया ने ग्रहण किया।

निरीक्षण के क्रम में थाना कार्यालय, मुहर्रिर कक्ष, सीसीटीएनएस कक्ष, अपराध रजिस्टर, हिस्ट्रीशीटर रजिस्टर, गैंगचार्ट, टॉप-10 अपराधी सूची, लंबित विवेचनाओं की प्रगति, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क/महिला शक्ति केन्द्र, बैरक, भोजनालय, पेयजल व्यवस्था तथा साफ-सफाई सहित समस्त व्यवस्थाओं का सूक्ष्म परीक्षण किया गया। अभिलेखीय निरीक्षण के दौरान अपराध पंजीकरण, विवेचना की गुणवत्ता, आरोप पत्र प्रेषण, लंबित प्रकरणों के निस्तारण तथा वारंट-समन तामील की स्थिति की समीक्षा कर संबंधित विवेचकों को निष्पक्ष, समयबद्ध एवं साक्ष्य आधारित विवेचना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। महिला एवं बाल अपराधों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई पर विशेष बल दिया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण महोदया ने वर्तमान कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संवेदनशील स्थलों एवं आगामी त्यौहारों को ध्यान में रखकर प्रभावी गश्त, पिकेट ड्यूटी, बीट पुलिसिंग को मजबूत करने तथा असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, आमजन से संवाद स्थापित करने और जनसुनवाई को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।


महिला शक्ति केन्द्र के निरीक्षण में उपलब्ध सुविधाओं एवं कार्यप्रणाली का अवलोकन करते हुए संबंधित कर्मियों को पीड़ित महिलाओं व बच्चों के साथ संवेदनशील व्यवहार कर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। शस्त्रागार, मालखाना एवं हवालात की सुरक्षा, स्वच्छता और अभिलेखों के रख-रखाव की भी जांच कर आवश्यक सुधार के निर्देश प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त चौकीदारों से संवाद कर उन्हें उनके कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया और पुलिस व्यवस्था में उनकी भूमिका की सराहना की गई।

कार्यक्रम के अंत में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण महोदया ने थाना प्रभारी तिलहर सहित समस्त पुलिस कर्मियों को अनुशासन, पारदर्शिता, कर्तव्यनिष्ठा एवं टीम भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन की अपेक्षा व्यक्त की।

इस अवसर पर थाना प्रभारी तिलहर, उपनिरीक्षकगण, मुख्य आरक्षी/आरक्षी तथा अन्य पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments