शाहजहाँपुर, 09 फरवरी 2026।
जनपद शाहजहाँपुर के थाना खुदागंज में आज पुलिस अधीक्षक द्वारा वार्षिक निरीक्षण किया गया। उनके आगमन पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया तथा सलामी दी गई। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी तिलहर की उपस्थिति में थाना परिसर की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय की कार्यप्रणाली, अपराध एवं सामान्य अभिलेखों की अद्यतन स्थिति, लंबित एवं प्रचलित विवेचनाओं की प्रगति, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा प्रबंध, बैरक, मेस, आवासीय परिसर तथा जनसुनवाई व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई। अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव और विधिसम्मत प्रक्रियाओं के अनुपालन के निर्देश दिए गए। साथ ही महिला एवं बाल अपराध से जुड़े मामलों के शीघ्र, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा पीड़ितों के प्रति संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
पुलिस अधीक्षक महोदय ने अनुशासन, समयपालन और कार्यकुशलता बनाए रखने, नियमित गश्त बढ़ाने, प्रभावी जनसंपर्क स्थापित करने तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के उपरांत थाना परिसर में स्थापित महिला सुरक्षा केन्द्र एवं शिशु गृह का विधिवत शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित बच्चों को चॉकलेट वितरित की गईं। शिशु गृह के माध्यम से छोटे बच्चों की देखभाल और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, जिससे महिला पुलिसकर्मियों एवं थाना आने वाली महिलाओं को सुविधा मिलेगी।
यह वार्षिक निरीक्षण एवं नई सुविधाओं का शुभारम्भ थाना स्तर पर प्रशासनिक गुणवत्ता, महिला-बाल सुरक्षा तथा जनसुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments