शाहजहाँपुर। स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज के वाणिज्य विभाग द्वारा आयोजित प्रबंधकीय विकास कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम के अंतिम दिन महाविद्यालय के उप-प्राचार्य एवं वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रो. अनुराग अग्रवाल ने “भावी नेतृत्वकर्ता” विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए सफल नेता और आदर्श नेता के बीच मौलिक अंतर स्पष्ट किया।
उन्होंने कहा कि सफल नेता टीम बनाकर कार्य करता है, जबकि आदर्श नेता परिवार के मुखिया की तरह सभी को साथ लेकर चलता है और सामूहिक सहयोग से लक्ष्य प्राप्त करता है। सफल नेता व्यस्तता का हवाला दे सकता है, परंतु आदर्श नेता हर व्यक्ति के लिए समय निकालकर समाज से निरंतर जुड़ा रहता है। साथ ही सफल नेता जहां लोगों की कमजोरियों का लाभ उठा सकता है, वहीं आदर्श नेता कमजोरियों को दूर कर गुणों को निखारता है और प्रेरित करते हुए सामूहिक सफलता सुनिश्चित करता है।
प्रो. अग्रवाल ने सत्य, धर्म, शुद्ध आचरण और न्याय को नेतृत्व का आधार बताते हुए कहा कि दूरदर्शिता, दृढ़ निश्चय और अनुभव से सीख लेने वाला नेता कभी असफल नहीं होता।
इससे पूर्व चित्रकला विभागाध्यक्ष डॉ. अर्चना गर्ग ने चंदन तिलक लगाकर तथा डॉ. संतोष प्रताप सिंह ने पटका पहनाकर प्रो. अग्रवाल का सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. देवेंद्र सिंह ने किया, जबकि डॉ. बरखा सक्सेना ने धन्यवाद ज्ञापित किया। डॉ. शिवानी भारद्वाज ने कार्यक्रम की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रतिभागियों के प्रमाण-पत्र प्राप्त होने पर पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर महाविद्यालय के अनेक शिक्षकगण उपस्थित रहे।
शाहजहॉपुर
0 Comments