शाहजहाँपुर। आज मुख्य विकास अधिकारी द्वारा विकास खंड जलालाबाद का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विकास खंड कार्यालय में सभी कर्मचारी उपस्थित पाए गए, जिस पर संतोष व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित रजिस्टरों की जांच की गई तथा परिसर में स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए गए। कार्यालयों में संधारित पत्रावलियों का अवलोकन करते हुए सभी कर्मचारियों को आईडी कार्ड के साथ समय से नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश प्रदान किए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने आयुष्मान कार्ड, फार्मा रजिस्ट्री एवं ई-केवाईसी से संबंधित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही परिसर में लगाए गए हरिशंकरी पौधों की समुचित देख-रेख सुनिश्चित करने तथा निष्प्रयोज्य भवनों को ध्वस्त कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के क्रम में बाल विकास एवं पुष्टाहार कार्यालय का भी निरीक्षण किया गया, जहां शेष पुष्टाहार किट एवं ईसीसी किट के वितरण को शीघ्र पूर्ण कराने तथा वितरण से संबंधित जियो-टैग (Geo-Tag) सहित फोटोग्राफ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक कार्यों की पारदर्शिता, समयबद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
0 Comments