स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 14 फरवरी 2026: जनपद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जीएसटी की फर्जी फर्म बनाकर लगभग 02 करोड़ रुपये की कर चोरी करने वाले गिरोह का संयुक्त पुलिस टीम ने पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में चार अभियुक्तों को कूटरचित दस्तावेज एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों सहित गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में एसओजी, सर्विलांस सेल, गैंगस्टर सेल और थाना रोजा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अटसलिया पुल के पास से आरोपियों को गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को नौकरी का झांसा देकर उनके आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज हासिल कर लेते थे। इसके बाद फर्जी हस्ताक्षर कर बोगस जीएसटी फर्मों का पंजीकरण कराया जाता था। इन फर्मों के नाम पर फर्जी ई-वे बिल और बिल्टी बनाकर विभिन्न जनपदों से स्क्रैप खरीदकर मुजफ्फरनगर में बेचते थे और फर्जी लेन-देन दिखाकर कर चोरी करते थे।
इस मामले की शुरुआत नवंबर 2025 में वाहन चेकिंग के दौरान हुई, जब तीन ट्रकों के दस्तावेज जांच में फर्जी पाए गए। इसके बाद थाना रोजा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर एसआईटी गठित की गई और विवेचना शुरू की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे फर्जी जीएसटी फर्म बनाकर ई-वे बिल तैयार करते थे और व्हाट्सएप ग्रुप “ब्रदर्स लॉजिस्टिक” के जरिए चालकों को दस्तावेज भेजते थे। गिरोह अब तक 200 से 250 स्क्रैप से लदी गाड़ियों को फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से पास करा चुका है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अखिलेश (रायबरेली), विपिन (बदायूं/गाजियाबाद), शिवओम शर्मा उर्फ सुमित (मुजफ्फरनगर) और राहुल राणा (शामली) शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 06 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक कीपैड फोन, 10 बिल्टी बुक, दो रजिस्टर तथा एक सफेद रंग की मारुति फ्रॉन्क्स कार बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना रोजा में बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं जीएसटी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में गैंगस्टर सेल, एसओजी, सर्विलांस टीम और थाना रोजा पुलिस की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments