स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 14 फरवरी 2026: ‘कर्मयोग, मद्य निषेध एवं विकसित भारत’ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह में किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी, प्रबुद्धजन एवं अन्य सहभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री एल. वेंकटेश्वर लू, अपर मुख्य सचिव (समाज कल्याण एवं सैनिक कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश शासन) एवं महानिदेशक-उपाम व एसआईआरडी रहे।
मुख्य अतिथि ने कहा कि संगोष्ठी का उद्देश्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। उन्होंने नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रत्येक नागरिक को सक्रिय योगदान देना होगा। उन्होंने नशा मुक्ति, आत्मसंयम और सकारात्मक सोच को विकसित भारत की आधारशिला बताया।
उन्होंने कहा कि भारत ऋषि-मुनियों की पावन भूमि है और आध्यात्मिक चिंतन के माध्यम से ही समाज में स्थायी परिवर्तन संभव है। श्रीमद्भागवत गीता के अध्ययन को उन्होंने जीवन में आत्मिक विकास का प्रमुख साधन बताया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को ज्ञान, संयम और सेवा भाव के साथ जीवन जीना चाहिए तथा नशे से दूर रहकर समाज के निर्माण में योगदान देना चाहिए।
उन्होंने युवाओं में मोबाइल और अन्य नशों के बढ़ते प्रभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे मानसिक और शारीरिक समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे नशा मुक्त जीवन अपनाएं और राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करें।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगोष्ठी में बताई गई बातों को अपने जीवन में अपनाना आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे इन विचारों को समाज में प्रसारित करें और विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें।
कार्यक्रम का संचालन इंदु अजनबी द्वारा किया गया। इस अवसर पर डिप्टी डायरेक्टर अजय वीर सिंह यादव, क्षेत्रीय मद्य निषेध अधिकारी आरएल राजवंशी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार, परियोजना निदेशक अवधेशराम, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक हरिवंश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिव्या गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
0 Comments