ब्यूरो चीफ संतोष कुमार, श्रावस्ती ✍️
श्रावस्ती। महाशिवरात्रि पर्व को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने नगर पालिका परिषद भिनगा स्थित काली माता मंदिर तथा विकास खंड सिरसिया के बाबा विभूतिनाथ मंदिर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंदिर परिसर में तैनात प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखें, ताकि जलाभिषेक एवं दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने विभूतिनाथ मंदिर सहित जनपद के अन्य प्रमुख शिवालयों पर सुरक्षा, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही जलभराव एवं ऊबड़-खाबड़ मार्गों की मरम्मत कर उन्हें सुगम बनाने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में कोई बाधा न आए।
जिलाधिकारी ने रजिया तालाब एवं मंदिर परिसर के आसपास पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि कुण्ड के चारों ओर साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य शिविर, बैरिकेडिंग, शौचालय (मोबाइल टॉयलेट सहित) एवं प्रकाश व्यवस्था को पहले से ही सुव्यवस्थित कर लिया जाए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मंदिर परिसर की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। किसी भी प्रकार की अराजकता या शांति भंग करने की कोशिश पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि वे ड्यूटी के दौरान मंदिर परिसर के अंदर और बाहर सतर्क निगरानी रखें।
इस दौरान उपजिलाधिकारी भिनगा आशीष भारद्वाज, परियोजना निदेशक अश्वनी कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी भिनगा, थानाध्यक्ष सिरसिया एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
0 Comments