स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻
शाहजहाँपुर, 13 फरवरी 2026।
रिजर्व पुलिस लाइन, शाहजहाँपुर में आयोजित साप्ताहिक शुक्रवार परेड के अवसर पर पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर द्वारा परेड की सलामी ग्रहण कर विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान परेड की टुकड़ियों का क्रमवार परीक्षण करते हुए जवानों की वर्दी की सुसज्जता, अनुशासन, शारीरिक क्षमता, ड्रिल की गुणवत्ता तथा शस्त्र संचालन की दक्षता का आकलन किया गया। साथ ही जवानों को उच्च स्तरीय अनुशासन बनाए रखने और शारीरिक फिटनेस पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक ने डॉग स्क्वॉड का निरीक्षण कर प्रशिक्षित श्वानों की कार्यक्षमता, प्रशिक्षण व्यवस्था एवं रख-रखाव की समीक्षा की तथा संबंधित प्रभारियों को नियमित अभ्यास और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए।
वार्षिक निरीक्षण के अंतर्गत क्वार्टर गार्द में सलामी लेने के साथ ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की सतर्कता एवं अभिलेखों का परीक्षण किया गया। शस्त्रागार में शस्त्रों की स्थिति और अभिलेखों की अद्यतन प्रविष्टियों की जांच की गई, जबकि स्टोर शाखा में सरकारी सामग्री के संधारण एवं वितरण व्यवस्था का अवलोकन किया गया। एमटी शाखा में वाहनों की फिटनेस, साफ-सफाई, लॉगबुक, मेंटेनेंस रजिस्टर तथा ईंधन अभिलेखों की समीक्षा करते हुए नियमित सर्विस और तकनीकी परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही रिजर्व पुलिस लाइन परिसर की स्वच्छता, आवासीय बैरकों, पेयजल तथा अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर सुव्यवस्थित प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी तिलहर, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments