Breaking News

अल्हागंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध तमंचा व कारतूस सहित युवक गिरफ्तार, बदले की नीयत से स्कूल परिसर में छिपा था अभियुक्त


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहाँपुर, 09 फरवरी 2026।

जनपद शाहजहाँपुर के थाना अल्हागंज पुलिस ने अवैध शस्त्रों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को नाजायज तमंचा और जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी जलालाबाद के निकट पर्यवेक्षण में की गई।

पुलिस गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कुंवरपुर बांक में दो पक्षों के बीच हुए झगड़े के बाद एक युवक प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्री के अंदर छिपकर किसी अपराध को अंजाम देने की फिराक में बैठा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पंकज मिश्रा (23 वर्ष) निवासी ग्राम कुंवरपुर बांक, थाना अल्हागंज को दिनांक 08 फरवरी 2026 को शाम 6:25 बजे गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अदद अवैध तमंचा (12 बोर) और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध थाना अल्हागंज में मु0अ0सं0 026/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही पूर्ण करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।

पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसने तमंचा एक अज्ञात ट्रक चालक से खेतों की रखवाली के लिए खरीदा था। साथ ही उसने स्वीकार किया कि गौरव पाल निवासी गौरा महुआ से झगड़े के बाद वह बदला लेने की नीयत से तमंचा लेकर स्कूल परिसर में छिपा हुआ था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

पुलिस अभिलेखों के अनुसार अभियुक्त पर पूर्व में भी आर्म्स एक्ट, मारपीट तथा आबकारी अधिनियम से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं, जिससे उसका आपराधिक इतिहास सामने आया है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष ओमप्रकाश, उपनिरीक्षक शिवनारायण मिश्रा, उपनिरीक्षक राजेश कुमार तथा हेड कांस्टेबल सर्वेश कुमार शामिल रहे।

जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शस्त्र रखने और कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनी रहे।



Post a Comment

0 Comments