Breaking News

तिलहर में ट्रैफिक जाम व अतिक्रमण पर सख्ती, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने किया स्थलीय निरीक्षण व जनसंवाद


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहाँपुर, 09 फरवरी 2026।

जनपद शाहजहाँपुर के तिलहर कस्बे में लगातार सामने आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या और अवैध अतिक्रमण के निराकरण को लेकर पुलिस प्रशासन सक्रिय नजर आया। पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण महोदया ने क्षेत्राधिकारी तिलहर तथा थाना तिलहर पुलिस टीम के साथ कस्बा तिलहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और सड़क मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान यातायात व्यवस्था का सूक्ष्म अवलोकन करते हुए जाम के प्रमुख कारणों को चिन्हित किया गया। सड़क मार्गों पर अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को हटवाने की कार्रवाई की गई तथा दुकानदारों और ठेला-रेहड़ी संचालकों को सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण न करने के लिए सख्त चेतावनी दी गई।


अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण महोदया ने थाना पुलिस और यातायात कर्मियों को जाम संभावित स्थलों पर प्रभावी ड्यूटी लगाने, नियमित निगरानी रखने, अतिक्रमण के विरुद्ध सतत अभियान चलाने तथा आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक यातायात व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए।

इस दौरान आम नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों से संवाद स्थापित कर उन्हें यातायात नियमों का पालन करने, सड़क किनारे वाहन खड़ा न करने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। नागरिकों द्वारा बताई गई समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित और समुचित निस्तारण का आश्वासन भी दिया गया।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि तिलहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भविष्य में भी नियमित निरीक्षण और अभियान जारी रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जनपद पुलिस आमजन की सुविधा, सुरक्षा और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।



Post a Comment

0 Comments