स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। जनपद शाहजहांपुर में प्रभारी मंत्री नरेन्द्र कश्यप की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में विकास कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह ने जानकारी दी कि अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति योजना, प्राथमिक शिक्षा एवं फैमिली आईडी कार्य में जनपद को ग्रेड-ए प्राप्त हुआ है। इसके अतिरिक्त कृषि, उद्यान, मुख्यमंत्री आवास योजना, दुग्ध विकास तथा स्वच्छ भारत मिशन सहित अन्य योजनाएं भी सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं।
जनप्रतिनिधियों द्वारा बिजली आपूर्ति, सड़क एवं नाली निर्माण तथा जल निकासी जैसी समस्याएं उठाई गईं, जिस पर प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राजस्व वसूली की समीक्षा में जीएसटी, परिवहन कर, विद्युत ऊर्जा कर, माइनिंग, कृषि विपणन एवं सड़क परिवहन से संबंधित आंकड़े प्रस्तुत किए गए। मंत्री ने सभी विभागों को लक्ष्य के अनुरूप समय से शत-प्रतिशत राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा एनडीपीएस अधिनियम, ईनामी अपराधियों, जिला बदर, धारा 302 एवं पॉक्सो एक्ट से संबंधित मामलों की जानकारी दी गई। इस पर मंत्री ने अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई एवं मामलों की समयबद्ध एवं निष्पक्ष विवेचना के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए जनसमस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डीपीएस राठौर, विधायक वीर विक्रम सिंह, चेतराम, अरविंद कुमार सिंह, सलोना कुशवाहा, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, नगर आयुक्त विपिन कुमार मिश्र सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
लखनऊ
0 Comments