Breaking News

होली पर्व को लेकर ‘लाट साहब’ जुलूस की सुरक्षा पर उच्चस्तरीय बैठक, अधिकारियों ने किया पैदल निरीक्षण

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 27 फरवरी। आगामी होली पर्व-2026 के दृष्टिगत परंपरागत ‘लाट साहब’ जुलूस को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रिजर्व पुलिस लाइन शाहजहाँपुर के सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व भूपेंद्र एस चौधरी, मंडलायुक्त बरेली मंडल ने किया।

बैठक में अजय कुमार साहनी (पुलिस उपमहानिरीक्षक, बरेली रेंज), धर्मेन्द्र प्रताप सिंह (जिलाधिकारी), राजेश द्विवेदी (पुलिस अधीक्षक) एवं डॉ विपिन कुमार मिश्र (नगर आयुक्त) सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में अधिकारियों द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

बैठक में जुलूस की समग्र कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई। जुलूस मार्ग के संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील स्थलों, भीड़ प्रबंधन, पूर्व वर्षों के अनुभव तथा सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं का गहन विश्लेषण किया गया। अधिकारियों ने निर्देशित किया कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करें तथा बीट अधिकारियों के माध्यम से लगातार सूचनाएं एकत्रित करते रहें।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत जुलूस मार्ग पर सुदृढ़ बैरिकेडिंग, प्रभावी रूट डायवर्जन प्लान एवं सुचारु यातायात प्रबंधन लागू करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच, ड्रोन कैमरों से निगरानी, अग्निशमन वाहनों, एम्बुलेंस एवं चिकित्सा टीमों की तैनाती तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को सक्रिय रखते हुए किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह पर त्वरित वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक के उपरांत वरिष्ठ अधिकारियों ने थाना कोतवाली क्षेत्र में ‘लाट साहब’ जुलूस के निर्धारित मार्ग का पैदल भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मार्ग की चौड़ाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, संवेदनशील स्थलों की स्थिति एवं यातायात डायवर्जन की व्यवहारिकता का सूक्ष्म परीक्षण किया गया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि होली पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। किसी भी प्रकार की अराजकता, हुड़दंग या साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के प्रयास पर कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे होली पर्व एवं परंपरागत ‘लाट साहब’ जुलूस को शांति, भाईचारे एवं सामाजिक समरसता के साथ संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Post a Comment

0 Comments