स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻
शाहजहाँपुर, 10 फ़रवरी 2026।
स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज, शाहजहाँपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा सत्र 2025–26 के अंतर्गत प्रथम एकदिवसीय शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता उत्पन्न करना रहा।
शिविर का शुभारंभ प्रातः 11:30 बजे एनएसएस कार्यालय के समीप हुआ। इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अरुण कुमार यादव ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण न केवल मानव स्वास्थ्य के लिए आवश्यक हैं, बल्कि समाज के सतत विकास की आधारशिला भी हैं।
शिविर के दौरान व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु आकर्षक स्लोगन और संदेश प्रस्तुत किए गए। प्रमुख गतिविधियों में कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक मुक्त क्षेत्र अभियान एवं वृक्षारोपण शामिल रहे।
छात्रों ने “पर्यावरण को स्वच्छ रखना हमारा कर्तव्य है” और “हरियाली है जीवन का आधार” जैसे उद्घोषों के माध्यम से जनसंदेश दिया।
समापन अवसर पर डॉ. अरुण कुमार यादव ने स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के साथ समाज में सकारात्मक जागरूकता फैलाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने शिविर को पूर्णतः सफल एवं सराहनीय पहल बताया।
कार्यक्रम में प्रो. शालीन कुमार सिंह, डॉ. आलोक कुमार सिंह, डॉ. शिशिर शुक्ला, सुजीत कुमार, डॉ. अर्चना गर्ग, डॉ. नीलू कुमार सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। एनएसएस स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
