Breaking News

उद्यान विभाग द्वारा MIDH योजनान्तर्गत एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण सम्पन्न


स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहाँपुर, 09 फरवरी 2026।

उद्यान विभाग द्वारा एकीकृत बागवानी विकास मिशन (MIDH) योजनान्तर्गत एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन कृषि विज्ञान केन्द्र, नियामतपुर, शाहजहाँपुर में पूर्वान्ह 11:00 बजे किया गया। कार्यक्रम में कृषकों को आधुनिक बागवानी तकनीकों, उन्नत खेती पद्धतियों तथा उत्पादन वृद्धि से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं।

प्रभारी कृषि विज्ञान केन्द्र डा० एन०सी० त्रिपाठी ने सब्जी बीज उत्पादन तथा मृदा की उर्वरा शक्ति बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। वरिष्ठ वैज्ञानिक डा० नरेन्द्र प्रसाद गुप्ता ने फूल, फल एवं सब्जियों की बहुस्तरीय खेती की विधि पर विस्तृत जानकारी दी। वहीं वैज्ञानिक डा० हादी हुसैन खान ने बागवानी एवं सब्जी फसलों में कीट एवं रोग प्रबंधन के प्रभावी उपायों से कृषकों को अवगत कराया।

वैज्ञानिक डा० विमल कुमार ने शीत ऋतु में मौनवंशों के संरक्षण तथा मशरूम की खेती को अधिक से अधिक अपनाने पर बल दिया। वैज्ञानिक अभियंत्रण इंजी० गौरव शर्मा ने कृषि यंत्रों एवं सिंचाई की आधुनिक पद्धतियों की जानकारी प्रदान की। प्रगतिशील कृषक श्री सुरेश चन्द्र वर्मा (ग्राम राईक्षेड़ा) ने प्याज, धनिया, ब्रोकली, फूलगोभी आदि फसलों की उन्नत खेती तथा ड्रिप सिंचाई पद्धति की उपयोगिता से जुड़े अपने अनुभव किसानों के साथ साझा किए।

कार्यक्रम के अंत में जिला उद्यान अधिकारी श्री पुनीत कुमार पाठक ने उद्यान विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान श्री अनिल कुमार (उ०नि०), श्री राकेश कुमार (स०उ०नि०) एवं श्रीमती दिव्या यादव (स०उ०नि०) सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


Post a Comment

0 Comments