Breaking News

होली व ‘लाट साहब’ जुलूस को लेकर यूपी-112 कार्यालय का निरीक्षण, सीसीटीवी व सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

जनपद शाहजहाँपुर में आगामी होली पर्व एवं ‘लाट साहब’ जुलूस के दृष्टिगत 03 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक द्वारा यूपी-112 कार्यालय का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) एवं अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान जुलूस मार्ग पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग व्यवस्था, कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली, आपातकालीन कॉल रिस्पॉन्स सिस्टम तथा लाइव फीड की गुणवत्ता का परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने निर्देशित किया कि जुलूस मार्ग एवं संवेदनशील स्थलों पर लगे सभी कैमरे पूर्ण रूप से सक्रिय एवं तकनीकी रूप से सुचारु स्थिति में रहें, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

पुलिस अधीक्षक ने कंट्रोल रूम में तैनात कार्मिकों को निर्देश दिए कि जुलूस के दौरान प्राप्त प्रत्येक सूचना पर त्वरित रिस्पॉन्स दिया जाए तथा संबंधित थाना एवं अधिकारियों को तत्काल अवगत कराया जाए। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को प्रभावी बनाए रखने और अफवाहों पर नियंत्रण हेतु समन्वित संचार व्यवस्था सुदृढ़ रखने पर भी जोर दिया गया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद पुलिस द्वारा होली एवं ‘लाट साहब’ जुलूस को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।

Post a Comment

0 Comments