शाहजहाँपुर, 31 मार्च 2026।
जनपद शाहजहाँपुर के थाना सिंधौली क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जनपदीय एसओजी, सर्विलांस टीम एवं थाना सिंधौली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बिजली के तार चोरी करने वाले गिरोह के 02 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया करीब 05 कुंतल बिजली का तार, 02 अवैध चाकू, 02 मोबाइल फोन एवं 2000 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 30 मार्च 2026 को ग्राम मियांपुर निवासी दीपक त्रिपाठी की तहरीर पर थाना सिंधौली में बिजली तार चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान एसओजी व सर्विलांस टीम की मदद से पुलिस ने गिरोह की तलाश शुरू की।
इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम पैना खुर्द के जंगल स्थित पुराने खंडहर अस्पताल के पास दबिश दी, जहां चोरी की योजना बना रहे दो आरोपियों—अजीत सिंह (40 वर्ष) एवं संजय उर्फ पप्पू (35 वर्ष) निवासी पैना खुर्द—को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि उनके दो अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर ग्राम पैना बुजुर्ग स्थित श्मशान घाट के पास छिपाकर रखा गया करीब 05 कुंतल चोरी का बिजली तार भी बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
लखनऊ
0 Comments