Breaking News

“दामिनी पहल” का भव्य शुभारम्भ, 32 उत्कृष्ट महिलाओं को सम्मानित महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण को मिला नया आयाम

 


स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 

शाहजहाँपुर, 31 मार्च 2026।
मिशन शक्ति फेज-5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत रिजर्व पुलिस लाइन, शाहजहाँपुर में “दामिनी पहल” का भव्य शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक तिलहर श्रीमती सलोना कुशवाह, महापौर श्रीमती अर्चना वर्मा एवं महानगर जिलाध्यक्ष शिल्पी गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ, शॉल एवं पौधा भेंट कर किया गया।

इस अवसर पर जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चयनित 32 महिलाओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने ग्राम प्रधान, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं पत्रकारिता जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान दिया है। उन्हें शॉल एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम में वक्ताओं ने महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए “दामिनी पहल” को महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति अभियान की विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण किया गया तथा महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबर—1090, 112 एवं 181 की जानकारी दी गई। साथ ही महिला शक्ति केंद्रों की भूमिका और उनके माध्यम से त्वरित सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर भी प्रकाश डाला गया।

“दामिनी पहल” के तहत महिलाओं को “पुलिस वालंटियर” के रूप में जोड़ने की योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि ये महिलाएं अपने क्षेत्र में रहकर महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ एवं साइबर अपराध जैसी घटनाओं की सूचना पुलिस तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगी।

इस दौरान महिलाओं को आत्मरक्षा के उपाय, साइबर अपराध से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें प्रेरित किया गया कि किसी भी समस्या की स्थिति में बिना भय के पुलिस से संपर्क करें।

कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी नगर, सदर, तिलहर, पुवायां, लाइन सहित अन्य अधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक एवं मिशन शक्ति टीम के सदस्य उपस्थित रहे।

यह आयोजन महिला सुरक्षा, जन-जागरूकता एवं पुलिस-जन सहभागिता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।



Post a Comment

0 Comments