Breaking News

युवा संसद 2026 में डॉ. राजेश्वर सिंह का आह्वान—एकजुट रहो, जागरूक बनो और भारत को महाशक्ति बनाओ

ब्यूरो रिपोर्ट: शशांक मिश्रा, लखनऊ ✍️

लखनऊ। युवा संसद 2026 के दौरान भागीदारी भवन में आयोजित कार्यक्रम में सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने युवाओं को एकजुटता, जागरूकता और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।

अपने संबोधन में उन्होंने इतिहास का उदाहरण देते हुए कहा कि मात्र 2 लाख अंग्रेज़ सैनिकों ने 200 वर्षों तक भारत पर शासन किया, जिसका मुख्य कारण आंतरिक विभाजन और संकीर्ण सोच थी। उन्होंने युवाओं से जातिवाद और भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया।

डॉ. सिंह ने कहा कि भारत की लगभग 60% आबादी युवा है, जो देश की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे केवल सवाल न पूछें, बल्कि समस्याओं के समाधान भी तलाशें और देश को सैन्य, आर्थिक व सांस्कृतिक महाशक्ति बनाने में योगदान दें।

उन्होंने भारत की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां वैश्विक विकास दर लगभग 3% है, वहीं भारत की विकास दर करीब 8% है। मजबूत अर्थव्यवस्था को उन्होंने देश की स्थिरता और सामरिक शक्ति की कुंजी बताया।

डिजिटल शिक्षा और साइबर सुरक्षा पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि देश पर प्रतिदिन सैकड़ों साइबर हमले होते हैं, ऐसे में युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि सरोजनीनगर क्षेत्र के 80 स्कूल-कॉलेजों में स्मार्ट क्लास और डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की गई हैं।

पर्यावरण संरक्षण पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 100 वर्षों में पृथ्वी का तापमान लगभग 1.5 डिग्री सेल्सियस बढ़ चुका है और भूजल स्तर लगातार गिर रहा है। उन्होंने युवाओं से सौर ऊर्जा, वर्षा जल संचयन और हरित तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया।

डॉ. सिंह ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में आर्थिक और सैन्य शक्ति ही स्थिरता की आधारशिला है। उन्होंने युवाओं को देश की सुरक्षा और विकास के लिए तैयार रहने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में संरक्षक राजकुमार पटेल, आयोजक अभिनव पटेल, प्रो. केडी सिंह सहित कई गणमान्य लोग एवं युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे।

अंत में उन्होंने युवाओं से आह्वान किया, “हम संकल्प लें कि हम एकजुट रहेंगे, जागरूक रहेंगे और भारत को विश्व की सबसे शक्तिशाली राष्ट्र बनाने में अपना पूर्ण योगदान देंगे।”

Post a Comment

0 Comments