Breaking News

जनगणना 2027: फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण का दूसरा दिन संपन्न, मकान नंबरिंग व सर्वे प्रक्रिया की दी गई जानकारी


स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 

शाहजहांपुर, 24 मार्च 2026।

भारत की जनगणना 2027 के तहत जनपद में आयोजित तीन दिवसीय फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे बैच का दूसरा दिन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह प्रशिक्षण सत्र सेंट पॉल इंटर कॉलेज में आयोजित किया गया, जिसमें कुल 24 फील्ड ट्रेनरों ने भाग लिया।

जनपद में कुल 104 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया जाना है, जिसमें से 80 का प्रशिक्षण पहले ही पूरा किया जा चुका है। शेष 24 ट्रेनरों के लिए चल रहे द्वितीय चरण के प्रशिक्षण का यह दूसरा दिन था, जो 25 मार्च तक जारी रहेगा।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मकानों की क्रमबद्ध नंबरिंग की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि नंबरिंग उत्तर-पश्चिम दिशा से शुरू होकर दक्षिण-पश्चिम दिशा तक की जाएगी, जिससे गणना कार्य व्यवस्थित ढंग से हो सके।

इसके अलावा, जनगणना कार्य में मानचित्रों के उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षण में बताया गया कि मानचित्रों में तालाब, विद्यालय, धार्मिक स्थल, सड़कें, रेलवे लाइन सहित सभी महत्वपूर्ण स्थानों का स्पष्ट अंकन किया जाएगा।

प्रगणकों (एन्यूमरेटर) को निर्देशित किया गया कि वे ग्राम स्तर पर भ्रमण कर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी मकान या परिवार गणना से छूट न जाए। वहीं, सुपरवाइजर द्वारा कार्य का सत्यापन कर मानचित्र और आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित की जाएगी।

प्रशिक्षण सत्र में यह भी निर्देश दिए गए कि प्रत्येक क्षेत्र में भवनों और परिवारों की सही व सटीक गणना सुनिश्चित की जाए, ताकि जनगणना का कार्य पूर्णतः त्रुटिरहित तरीके से संपन्न हो सके।

Post a Comment

0 Comments