स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻
शाहजहांपुर, 19 मार्च।
जनगणना-2027 की तैयारियों के क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन चार्ज अधिकारियों को विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने की।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों द्वारा जनगणना के प्रथम चरण—मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना—से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। अधिकारियों को जनगणना की प्रक्रिया, दायित्वों एवं तकनीकी पहलुओं से अवगत कराया गया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनगणना से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने एचएलबी (हाउस लिस्टिंग ब्लॉक) का कार्य 25 मार्च तक हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही वार्डों का स्थलीय निरीक्षण, सीमांकन एवं सड़कों का चिन्हांकन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने बताया कि जनगणना कार्य दो चरणों में सम्पन्न किया जाएगा। इन्यूमरेटरों के प्रशिक्षण हेतु प्रत्येक बैच में 50 कार्मिकों को शामिल करने तथा प्रत्येक बैच के लिए दो फील्ड ट्रेनर नामित करने के निर्देश दिए गए। इन्यूमरेटरों का प्रशिक्षण 1 अप्रैल से 10 अप्रैल के बीच पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि किसी भी इन्यूमरेटर को दो वार्डों में तैनात न किया जाए।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि चार्ज अधिकारी, सुपरवाइजर एवं इन्यूमरेटरों की यूजर आईडी CMMS पोर्टल पर बनाई जाएगी और ड्यूटी आवंटन सहित समस्त प्रक्रिया इसी पोर्टल के माध्यम से संचालित होगी। प्रशिक्षण के लिए टेस्ट साइट भी तैयार की गई है, जबकि वास्तविक कार्य आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से संपादित किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त, सेल्फ एन्यूमरेशन व्यवस्था को लागू करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है, जिससे अधिक से अधिक नागरिक स्वयं ऑनलाइन माध्यम से जनगणना प्रपत्र भर सकें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला गणना अधिकारी अरविंद सहित समस्त चार्ज अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना-2027 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments