Breaking News

भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत तीन दिवसीय फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिवस का प्रशिक्षण संपन्न हुआ


स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 

भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत जनपद में आयोजित तीन दिवसीय फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम के क्रम में आज द्वितीय दिवस का प्रशिक्षण सत्र सेंट पॉल इंटर कॉलेज में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत कुल 104 फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण किया जाना है। इसमें प्रथम चरण में 80 फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण संपन्न हो चुका है तथा शेष बचे 24 फील्ड ट्रेनरों के प्रशिक्षण का द्वितीय चरण आज 23 मार्च से प्रारंभ हुआ, जो 24 एवं 25 मार्च तक संचालित किया जाएगा।

आज का प्रशिक्षण सत्र आदरणीय ए.के. राय जी, सहायक निदेशक, जनगणना निदेशालय लखनऊ की अध्यक्षता एवं उपस्थिति में संपन्न किया गया।

उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि फील्ड ट्रेनरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इन्हीं के माध्यम से एन्यूमरेटर एवं सुपरवाइजर को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। उन्होंने सभी फील्ड ट्रेनरों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि आप सभी को भविष्य में सुपरवाइजर के रूप में भी दायित्व दिए जाने की योजना पर विचार किया जा रहा है। अतः प्रशिक्षण को गंभीरता एवं पूर्ण मनोयोग से सीखना अत्यंत आवश्यक है।

प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनरों को मकानों की क्रमबद्ध नंबरिंग की विधि के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। मकानों की नंबरिंग उत्तर-पश्चिम दिशा से प्रारंभ करते हुए दक्षिण-पश्चिम दिशा पर समाप्त की जाएगी, जिससे गणना कार्य व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

प्रशिक्षण में यह भी अवगत कराया गया कि जनगणना कार्य मानचित्रों के आधार पर ही किया जाएगा। मानचित्रों में तालाब, विद्यालय, मंदिर, मस्जिद, चर्च, गुरुद्वारा, बावड़ी, कुआँ, नलकूप, बगीचा, खाली स्थान, झोपड़ी तथा सड़कों (कच्ची, पक्की एवं पगडंडी) सहित रेलवे लाइन आदि सभी स्थलों का स्पष्ट अंकन किया जाएगा।

फील्ड कर्मचारियों को एक निर्धारित लेआउट प्रदान किया जाएगा। एन्यूमरेटर (प्रगणक) द्वारा ग्राम भ्रमण कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी मकान अथवा परिवार गणना से वंचित न रह जाए। इसके उपरांत सुपरवाइजर द्वारा पुनः स्थल निरीक्षण कर प्रगणक के कार्यों का सत्यापन किया जाएगा तथा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि तैयार किया गया मानचित्र एवं संकलित विवरण पूर्णतः शुद्ध एवं त्रुटिरहित हो।

प्रशिक्षण में यह भी निर्देशित किया गया कि प्रत्येक जनगणना कार्य के दौरान भवनों की संख्या एवं परिवारों की सही गणना सुनिश्चित की जाए।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं फील्ड ट्रेनरों हेतु चाय-नाश्ता एवं भोजन की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।

Post a Comment

0 Comments