स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻
शाहजहांपुर, 23 मार्च।
तहसील तिलहर में जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी के साथ संयुक्त रूप से जनशिकायतों की सुनवाई की गई।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 55 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 10 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
तहसील दिवस के दौरान अधिवक्ताओं ने भी प्रशासनिक एवं राजस्व से जुड़ी समस्याएं उठाईं, जिनमें न्यायालयों में लंबित मामलों का निस्तारण, अभिलेखों के रखरखाव में सुधार, कर्मचारियों की लापरवाही पर कार्रवाई तथा तहसील परिसर की मूलभूत सुविधाओं में सुधार की मांग शामिल रही।
जिलाधिकारी ने इन शिकायतों का संज्ञान लेते हुए अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) एवं उपजिलाधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्र, उपजिलाधिकारी तिलहर सदानंद सरोज, तहसीलदार दीपेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी ज्योति यादव, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
0 Comments