जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर दूसरे दिन प्रशिक्षण, अधिकारियों को दिए गए महत्वपूर्ण निर्देश

स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 
शाहजहांपुर, 19 मार्च।

जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन चार्ज अधिकारियों को विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने की।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों ने जनगणना के प्रथम चरण—मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना—से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। अधिकारियों को जनगणना कार्य की प्रक्रिया, जिम्मेदारियों एवं तकनीकी प्रावधानों के बारे में विस्तार से प्रशिक्षित किया गया। बताया गया कि जनगणना-2027 दो चरणों में संपन्न कराई जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनगणना से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने एचएलबी (हाउस लिस्टिंग ब्लॉक) का कार्य 25 मार्च तक हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को वार्डों का स्थलीय निरीक्षण कर सीमांकन एवं सड़कों का चिन्हांकन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि कार्य त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सके।
उन्होंने इन्यूमरेटरों के प्रशिक्षण के लिए प्रत्येक बैच में 50 कार्मिकों को शामिल करने तथा प्रत्येक बैच के लिए दो फील्ड ट्रेनर नामित करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि प्रशिक्षण प्रारंभ होने से पहले सभी इन्यूमरेटरों के नियुक्ति पत्र तैयार हों और 1 अप्रैल से 10 अप्रैल के बीच प्रशिक्षण कार्यक्रम पूर्ण कर लिया जाए। यह भी निर्देशित किया गया कि किसी भी इन्यूमरेटर को दो वार्डों में तैनात न किया जाए।
बैठक में यह भी बताया गया कि चार्ज अधिकारी, सुपरवाइजर एवं इन्यूमरेटरों की यूजर आईडी CMMS पोर्टल पर बनाई जाएगी और ड्यूटी आवंटन सहित समस्त प्रक्रिया इसी पोर्टल के माध्यम से संचालित होगी। प्रशिक्षण के लिए टेस्ट साइट उपलब्ध कराई गई है, जबकि वास्तविक कार्य आधिकारिक पोर्टल पर किया जाएगा।
साथ ही, सेल्फ एन्यूमरेशन व्यवस्था लागू करने हेतु विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है, जिससे नागरिक स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपने विवरण भर सकें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला गणना अधिकारी श्री अरविंद जी की उपस्थिति में सभी चार्ज अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए तथा जनगणना-2027 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने पर बल दिया गया।
Previous Post Next Post