ब्यूरो रिपोर्ट: रिज़वान अली, लखनऊ ✍️
लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट के पूर्वी जोन में थाना चिनहट पुलिस और क्राइम/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए युवक की निर्मम हत्या के मामले का खुलासा कर 24 घंटे के भीतर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 24 मार्च 2026 को रितेश उर्फ बाला की योजनाबद्ध तरीके से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक के पिता दयाशंकर सिंह की तहरीर पर थाना चिनहट में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों के निर्देशन में तत्काल टीमों का गठन किया गया। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से साक्ष्य जुटाए गए। जांच के दौरान प्रकाश में आए अभियुक्त अनस खान (19 वर्ष), आशु निषाद (19 वर्ष) और प्रियांशु गुप्ता (21 वर्ष) को 26 मार्च को किसान पथ सर्विस रोड, इमलियाबाधम मंदिर मार्ग के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित चाकू, मृतक का मोबाइल फोन तथा एक आरोपी की खून लगी चप्पल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्तों ने प्रियांशु के माध्यम से मृतक को सुनसान स्थान पर बुलाकर वारदात को अंजाम दिया था। मामले में साक्ष्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी भी की गई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता बताया है।
0 Comments