शाहजहाँपुर।
ओसीएफ के रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। मंत्री ने फीता काटकर, भगवान गणेश की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने नवविवाहित जोड़ों को उपहार भेंट कर उन्हें नव दाम्पत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में कुल 251 जोड़ों का विवाह सम्पन्न कराया गया, जिसमें 211 जोड़ों का हिन्दू रीति-रिवाज से विवाह और 40 मुस्लिम जोड़ों का निकाह पढ़ाया गया। सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद भविष्य की कामना की।
अपने संबोधन में मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह कराना और समाज में समरसता को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को शासन द्वारा निर्धारित आर्थिक सहायता और उपहार प्रदान किए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रत्येक कन्या के खाते में ₹60,000 की एफडी कराई जाती है। इसके अलावा ₹25,000 की राशि से विवाह उपयोगी सामग्री जैसे साड़ी, पायल, बिछिया, बर्तन, पंखा, गद्दा आदि दिए जाते हैं, जबकि ₹15,000 की धनराशि विवाह कार्यक्रम की व्यवस्था में खर्च की जाती है।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा और विवाह तक की जिम्मेदारी निभा रही है। उन्होंने बताया कि मातृ वंदना योजना के अंतर्गत ₹5000 की सहायता प्रदान की जाती है तथा कन्या सुमंगला योजना के तहत बच्चियों को जन्म से लेकर पढ़ाई तक छह चरणों में ₹25,000 तक की सहायता दी जाती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत 23 लाख से अधिक बेटियों को लाभ मिल चुका है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. इंदु अजनबी ने किया, जबकि नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र ने धन्यवाद ज्ञापन कर कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।
इस अवसर पर महापौर अर्चना वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, डीसीबी चेयरमैन डी.पी.एस. राठौर, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष सफाई आयोग सुरेन्द्र बाल्मीकि, छावनी परिषद सभासद अवधेश कुमार दीक्षित, पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी, नगर आयुक्त, जिला परियोजना निदेशक, संबंधित खंड विकास अधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारी तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
0 Comments