Breaking News

98.75 लाख रुपये की लागत से बनेगा वजीरपुर का पैंटून पुल, भूमि पूजन संपन्न

स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 

शाहजहाँपुर, 14 मार्च 2026।

जनपद के जलालाबाद विधानसभा क्षेत्र के वजीरपुर घाट पर लंबे समय से लंबित पैंटून पुल निर्माण कार्य की शनिवार को विधिवत शुरुआत कर दी गई। करीब 98.75 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस पुल का भूमि पूजन जलालाबाद विधायक हरि प्रकाश वर्मा ने पूर्व विधायक शरदवीर सिंह और जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की उपस्थिति में किया।

वजीरपुर और मनिहार घाट पर पैंटून पुल निर्माण की मांग क्षेत्र के किसान काफी समय से कर रहे थे। किसानों की समस्याओं को देखते हुए विधायक हरि प्रकाश वर्मा ने इस संबंध में शासन स्तर पर मांग उठाई थी, जिसके बाद मुख्यमंत्री की स्वीकृति मिलने पर पुल निर्माण कार्य शुरू कराया गया।

भूमि पूजन के अवसर पर विधायक हरि प्रकाश वर्मा ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार किसानों, नौजवानों और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में शिक्षा, सड़क, सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए संकल्पबद्ध है।

इस अवसर पर किसान नेता नरेंद्र सिंह सोमवंशी ने पैंटून पुल की स्वीकृति के लिए विधायक हरि प्रकाश वर्मा, पूर्व विधायक शरदवीर सिंह और जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने पुल के दोनों ओर संपर्क मार्ग के निर्माण के साथ-साथ क्षेत्र में छुट्टा गौवंश की समस्या से निजात दिलाने के लिए गौशाला के निर्माण की मांग भी की।

जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि यदि बाढ़ से सुरक्षित क्षेत्र में उपयुक्त भूमि उपलब्ध होती है तो किसानों की समस्या को ध्यान में रखते हुए स्थायी गौशाला का निर्माण कराया जाएगा।

पैंटून पुल निर्माण कार्य शुरू होने से वजीरपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों में खुशी का माहौल है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि पुल बनने से आवागमन सुगम होगा और शाहजहाँपुर तथा आसपास के जिलों के बीच संपर्क मजबूत होने के साथ व्यापार और कृषि गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

Post a Comment

0 Comments