ब्यूरो चीफ: प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर ✍️
Balrampur। आदर्श नगरपालिका परिषद क्षेत्र में स्थित बुद्धा पार्क के सौन्दर्यीकरण एवं विस्तार कार्य का शिलान्यास आगामी सोमवार को किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ बौद्ध धर्म के संतों द्वारा विधिवत पूजन-अर्चन के साथ किया जाएगा।
नगरपालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ के प्रतिनिधि डीपी सिंह बैस ने जानकारी देते हुए बताया कि इस परियोजना के लिए लगभग 70 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। लंबे समय से क्षतिग्रस्त पड़ी पार्क की बाउंड्री वॉल को ध्यान में रखते हुए इस विकास कार्य की योजना तैयार की गई है।
परियोजना के अंतर्गत नई बाउंड्री वॉल का निर्माण, हरित क्षेत्र (ग्रीन एरिया) का विकास, बैठने की बेहतर व्यवस्था, बच्चों के लिए आधुनिक खेल उपकरणों की स्थापना तथा पार्क में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही पार्क को आकर्षक और उपयोगी बनाने के लिए विशेष डिजाइन के तहत कार्य कराया जाएगा।
शिलान्यास कार्यक्रम में बौद्ध धर्म के गुरु एवं अनुयायियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम के उपरांत निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कर निर्धारित समय में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
स्थानीय नागरिकों में इस योजना को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। लोगों का मानना है कि पार्क के विकसित होने से बच्चों, युवाओं एवं बुजुर्गों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और यह स्थान सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन सकेगा।
0 Comments