Breaking News

अवैध पेड़ कटान पर सख्ती, डीएफओ ने दिए जांच के आदेश

 

ब्यूरो चीफ: शास्त्र तिवारी, बहराइच ✍️

Bahraich। जनपद बहराइच के नानपारा रेंज अंतर्गत रिसिया क्षेत्र में अवैध रूप से पेड़ों की कटाई का मामला सामने आने के बाद वन विभाग में हलचल तेज हो गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएफओ बहराइच ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार क्षेत्र में आम, नीम, गूलर, सागौन और शीशम जैसे फलदार एवं कीमती वृक्षों की बिना अनुमति बड़े पैमाने पर कटाई किए जाने की बात सामने आई है। इस संबंध में डिप्टी रेंजर को जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

सूत्रों के मुताबिक सीमित परमिट की आड़ में कई स्थानों पर दर्जनों हरे पेड़ों को काट दिया गया। अवैध कटान के प्रमाण मिटाने के लिए पेड़ों की जड़ों तक को उखाड़े जाने की भी आशंका जताई जा रही है।

मामले में वन विभाग के कुछ कर्मचारियों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि अधिकारियों की कथित मिलीभगत से लंबे समय से इस प्रकार की गतिविधियां संचालित हो रही थीं।

डीएफओ ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध पेड़ कटान किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, सामाजिक संगठनों और पर्यावरण प्रेमियों की नजर अब जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है। लोगों को उम्मीद है कि निष्पक्ष जांच से पूरे मामले का खुलासा होगा और जिम्मेदारों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments