Breaking News

गैस कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त, कई स्थानों पर छापेमारी कर सिलेंडर जब्त

 

स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

Shahjahanpur। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जनपद में घरेलू एलपीजी गैस के दुरुपयोग और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में गठित प्रवर्तन टीमों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया।

तहसील कलान क्षेत्र में परौर रोड स्थित ग्राम कौही, परौर और मिर्जापुर सहित अन्य स्थानों पर पूर्ति निरीक्षक द्वारा निरीक्षण किया गया। वहीं तहसील सदर क्षेत्र में बरेली मोड़ हाईवे पर स्थित ढाबों और रेस्टोरेंट्स की भी जांच की गई।

नगर निगम क्षेत्र में सदर बाजार और कचहरी के आसपास स्थित कई प्रतिष्ठानों—मारूती स्वीट्स, बालाजी फास्ट फूड, बजरंगी फूड प्लाजा, रामू होटल, यादव टी स्टॉल, केपी रेस्टोरेंट, दीक्षित जलपान गृह और मिस्टर इडली—पर भी सघन निरीक्षण किया गया।

तहसील तिलहर क्षेत्र के कटरा नगर में छापेमारी के दौरान गुप्ता फैमिली ढाबा एवं अन्य स्थानों से 14.2 किलोग्राम के 3 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। वहीं तहसील पुवायां के खुटार क्षेत्र में एक दुकान से 18 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद कर एजेंसी की सुपुर्दगी में दिया गया।

मामले में अमन पुत्र राजेंद्र प्रसाद निवासी खुटार के खिलाफ घरेलू गैस के दुरुपयोग और कालाबाजारी के आरोप में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।

जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि घरेलू एलपीजी गैस का व्यावसायिक उपयोग, रिफिलिंग या कालाबाजारी करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति या प्रतिष्ठान के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments