Breaking News

किसान पथ पर भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार डीसीएम में घुसी, चार घायल 🚨

ब्यूरो रिपोर्ट: कल्लू उर्फ रजनीश, लखनऊ ✍️

लखनऊ। राजधानी के काकोरी थाना क्षेत्र में किसान पथ (आउटर रिंग रोड) पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। उदित खेड़ा के पास आगरा से आ रही तेज रफ्तार फोर्ड कार अनियंत्रित होकर आगे चल रही डीसीएम में पीछे से जा घुसी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। जानकारी के अनुसार कार (UP-32 EW 1111) तेज रफ्तार में थी, जिससे चालक संतुलन खो बैठा और डीसीएम (UP-34 BT 1974) से टकरा गया।

चार लोग घायल, एक की हालत नाजुक
कार में सवार चार लोग हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें एक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जबकि अन्य तीन भी गंभीर चोटों के साथ अस्पताल में भर्ती हैं।

रेस्क्यू ऑपरेशन में दिखी जांबाजी
हादसा इतना भयावह था कि सभी घायल कार के अंदर फंस गए थे। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों, राहगीरों और रेस्क्यू टीमों ने कड़ी मशक्कत कर घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही काकोरी पुलिस, एनएच टीम, एसडीआरएफ और हाइड्रा-जेसीबी मौके पर पहुंच गई और संयुक्त प्रयास से राहत कार्य चलाया गया।

पुलिस की तत्परता से बची जानें
काकोरी पुलिस ने तेजी दिखाते हुए सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए तत्काल अस्पताल भिजवाया और घटनास्थल से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस दौरान थाना प्रभारी काकोरी सतीश राठौर, घुरघुरी तालाब चौकी इंचार्ज और समदा चौकी इंचार्ज की सक्रियता और सूझबूझ की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की। समय रहते किए गए राहत एवं बचाव कार्य से बड़ी जनहानि टल गई।

अफरा-तफरी का माहौल
हादसे के बाद किसान पथ पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार अत्यधिक तेज थी, जिसके चलते चालक समय रहते नियंत्रण नहीं कर सका और यह दर्दनाक हादसा हो गया।

Post a Comment

0 Comments