Breaking News

काकोरी पुलिस की कार्रवाई, लूट कांड का वांछित आरोपी गिरफ्तार

 

ब्यूरो रिपोर्ट: कल्लू उर्फ रजनीश, लखनऊ ✍️

लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिमी जोन अंतर्गत काकोरी थाना पुलिस ने लूट की घटना में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।

पुलिस के अनुसार, 19 मार्च 2026 को हरदोई रोड स्थित रोशन लॉन के सामने अज्ञात बदमाशों ने सुमित तिवारी से मारपीट कर उनकी मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूट लिया था। इसी दिन एक अन्य घटना में मनोज नामक व्यक्ति से भी मोटरसाइकिल और पर्स लूटने की वारदात सामने आई थी। दोनों मामलों में थाना काकोरी में मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पहले ही दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं तीसरा आरोपी फरार चल रहा था।

लगातार दबिश के बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर इमामबाग ईदगाह नहर रोड से वांछित अभियुक्त आयुष रावत (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त औजार (सब्बल/रॉड), पीड़ितों के आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और 210 रुपये नकद बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, अभियुक्तों ने आर्थिक लाभ के उद्देश्य से लूट की वारदात को अंजाम दिया था। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई को काकोरी पुलिस की सतर्कता और प्रभावी कार्यशैली का परिणाम बताया जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments