ब्यूरो रिपोर्ट सुधीर सिंह कुम्भाणी, सीतापुर ✍️
सीतापुर। सकरन क्षेत्र के ग्राम पंचायत बोहरा के मजरा लंघनियां में बदहाल संपर्क मार्ग ग्रामीणों के लिए गंभीर समस्या बन गया है। पिछले दो महीनों से सड़क पर कीचड़ भरा हुआ है, जिससे आवागमन अत्यंत कठिन हो गया है। हालात यह हैं कि दर्जनों लोग इस कीचड़ में गिरकर चोटिल हो चुके हैं, लेकिन जिम्मेदारों द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान और संबंधित अधिकारी समस्या की अनदेखी कर रहे हैं। लालता, सर्वेश, मुनुवा, गणेश और रामेश्वर सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि जहां एक ओर विकास कार्यों के नाम पर धन निकासी में अनियमितताओं के आरोप लग रहे हैं, वहीं बुनियादी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम पंचायत में लगे सीसीटीवी कैमरे पिछले एक वर्ष से बंद पड़े हैं और उन्हें ठीक कराने की कोई व्यवस्था नहीं की गई। इसके अलावा, तालाब जलभराव, अमृत सरोवर और फॉगिंग जैसे कार्यों में भी फर्जीवाड़े के आरोप लगाए गए हैं। सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह ध्वस्त बताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि तैनात सफाईकर्मी कभी मौके पर नहीं आता, फिर भी उसकी उपस्थिति दर्ज कर भुगतान किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि वे खुद ही नालियों की सफाई करने को मजबूर हैं, लेकिन प्रधान द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी सकरन को भी अवगत कराया गया, बावजूद इसके अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे जिलाधिकारी सीतापुर के समक्ष पहुंचकर शिकायत दर्ज कराएंगे और ग्राम पंचायत में हो रहे कथित फर्जीवाड़ों की जांच की मांग करेंगे। साथ ही, तत्काल कीचड़ हटवाने और सड़क की मरम्मत की मांग भी उठाई जाएगी।
0 Comments