स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻
शाहजहाँपुर, 23 मार्च 2026। मिशन शक्ति फेज-5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने हेतु व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी तिलहर एवं अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में रिजर्व पुलिस लाइन से शहीद उद्यान तक पैदल गश्त निकाली गई। गश्त के दौरान महिला पुलिस कर्मियों के साथ आमजन, विशेषकर महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया गया।
पुलिस टीम द्वारा मार्ग में महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें महिला सुरक्षा, अधिकारों एवं आत्मरक्षा के उपायों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही हेल्पलाइन नंबरों—1090 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 181 (महिला हेल्पलाइन), 108 (एम्बुलेंस सेवा) एवं 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन)—की जानकारी भी विस्तार से दी गई।
कार्यक्रम के दौरान पंपलेट वितरित कर सरकारी योजनाओं एवं सुरक्षा तंत्र के प्रति जागरूक किया गया तथा महिलाओं को किसी भी आपात स्थिति में निडर होकर पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
0 Comments