Breaking News

जनपद में गैस सिलेंडरों की कोई किल्लत नहीं, पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध : जिला पूर्ति अधिकारी


स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहाँपुर।

जिला पूर्ति अधिकारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जनपदवासियों को अवगत कराया है कि जिले की सभी गैस एजेंसियों पर एलपीजी गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी प्रकार की किल्लत नहीं है।

उन्होंने बताया कि पहले प्रति वित्तीय वर्ष में उपभोक्ताओं को 15 गैस रिफिल बुकिंग की अनुमति थी। वर्तमान में शहरी क्षेत्र में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्र में 45 दिन के बाद ही अगली गैस बुकिंग की अनुमति दी गई है। इसलिए उपभोक्ता अपनी ई-केवाईसी पूर्ण कराकर ऑनलाइन गैस बुकिंग कर नियमानुसार गैस रिफिल प्राप्त कर सकते हैं।

जारी आंकड़ों के अनुसार जनपद में संचालित इंडेन गैस एजेंसियों पर 8156 उपभोक्ताओं ने गैस बुकिंग कराई, जिनमें से 5867 उपभोक्ताओं को गैस रिफिल की डिलीवरी दी गई। वहीं बीपीसी कंपनी की गैस एजेंसियों पर 4587 उपभोक्ताओं ने बुकिंग कराई, जिनमें से 3955 को गैस रिफिल उपलब्ध कराई गई। इसके अतिरिक्त एचपी गैस कंपनी के 1340 उपभोक्ताओं ने बुकिंग कराई, जिनमें से 2196 उपभोक्ताओं को गैस रिफिल की डिलीवरी की गई।

इस प्रकार जनपद में कुल 14083 उपभोक्ताओं द्वारा गैस रिफिल के लिए बुकिंग कराई गई, जबकि 12018 उपभोक्ताओं को गैस रिफिल की डिलीवरी दी गई।

गैस सिलेंडरों की अवैध कालाबाजारी, भंडारण और अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी द्वारा प्रत्येक तहसील और नगर क्षेत्र में टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार निगरानी कर रही हैं। दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा गैस बुकिंग और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जहां से गैस के स्टॉक और आपूर्ति की निगरानी की जा रही है। शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक गैस एजेंसी पर पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है, जिससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Post a Comment

0 Comments