स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻
शाहजहाँपुर।
क्षेत्रवासियों के लंबे इंतजार के बाद वजीरपुर घाट पर बहुप्रतीक्षित पैंटून पुल के निर्माण कार्य की शुरुआत हो गई। इस अवसर पर आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक हरिप्रकाश वर्मा ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
भूमि पूजन कार्यक्रम में पूर्व विधायक शरद वीर सिंह, जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पैंटून पुल बनने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी और लोगों का समय भी बचेगा।
उन्होंने बताया कि इस पुल के निर्माण से शाहजहाँपुर और फर्रुखाबाद जनपद के बीच संपर्क और मजबूत होगा। इससे दोनों जिलों के बीच व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
गौरतलब है कि वजीरपुर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों के लोग काफी समय से इस पुल के निर्माण की मांग कर रहे थे। अब निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है और लोगों को उम्मीद है कि पुल बनने के बाद क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
0 Comments