स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। जनपद शाहजहांपुर के मॉडल ग्राम पंचायत भटपुरा रसूलपुर में होली का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द की अनोखी मिसाल के रूप में मनाया जाता है। जहां बड़े शहरों में होली के कार्यक्रमों को लेकर शासन और प्रशासन को हफ्तों पहले से तैयारी करनी पड़ती है, वहीं इस गांव में बिना किसी पुलिस व्यवस्था के ही त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो जाता है।
करीब 65 प्रतिशत मुस्लिम आबादी वाले इस गांव में होली का पर्व बेहद सुंदर और अनूठे अंदाज में मनाया जाता है। ग्राम प्रधान अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि गांव के बीच स्थित होली स्थल पर दोपहर 12 बजे पूरा गांव एकत्र होकर आखत डालता है। इसके बाद शाम करीब 5 बजे सभी हिंदू समाज के लोग जामा मस्जिद की चौपाल पर पहुंचते हैं, जहां मुस्लिम समुदाय के लोग पहले से ही उनका इंतजार करते हुए खड़े रहते हैं।
इस दौरान मुस्लिम भाई सबसे पहले हिंदू भाइयों को गले लगाकर होली की मुबारकबाद देते हैं और सभी के लिए खाने-पीने की बेहतर व्यवस्था भी की जाती है।
गांव के शब्बू अली और लड्डन अली ने बताया कि यह परंपरा सदियों से चली आ रही है, जिसे उनके पूर्वज निभाते रहे हैं और अब नई पीढ़ी की जिम्मेदारी है कि इस परंपरा को आगे भी कायम रखा जाए।
ग्राम प्रधान अनिल गुप्ता ने कहा कि जब कोई भी त्योहार मिलजुलकर मनाया जाता है तो उसका आनंद कई गुना बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि यदि हम दूसरों के प्रति अच्छा व्यवहार करेंगे तो हमें भी वैसा ही व्यवहार मिलेगा। भटपुरा रसूलपुर में भाईचारे और सौहार्द की यह परंपरा पूरे जनपद के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है।
कार्यक्रम में मुनाजिर अली, नसीरुद्दीन, तौहीद खान, डॉ. असलम, आरिफ अली, सुहेब अली, बब्बन अली, मनोज गुप्ता, विवेक गुप्ता, नीरज गुप्ता, गोविंद गुप्ता, मनीष गुप्ता, श्रीकांत दीक्षित, रामपाल, सोनू गुप्ता, निकुंज गुप्ता, सूरज, यशपाल सिंह, राहुल सिंह, सोमेंद्र सिंह, जयदेव मिश्रा, महेंद्र मिश्रा, अखिलेश मिश्रा, विमल, मातादीन द्विवेदी, शिवशंकर, तुफैल अली, बाबू अली सहित सैकड़ों ग्रामवासी मौजूद रहे।
सीतापुर
0 Comments